गर्मी और उमस का सितम जारी, मानसून की दस्तक का इंतजार

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की दस्तक का इंतजार अभी भी बना हुआ है। इस बीच मैदानी क्षेत्रों में बढ़ती गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने देहरादून समेत प्रदेश के आठ जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जनपदों में आगामी घंटों के दौरान कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई है। ऐसे में लोगों से खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की अपील की गई है। वहीं हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन उमस भरी गर्मी से लोगों को फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

दिनभर चिलचिलाती धूप और नमी के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में छिटपुट बारिश और मैदानी इलाकों में गर्मी तथा उमस का दौर जारी रहने की संभावना है। मानसून की सक्रियता बढ़ने के बाद ही प्रदेशवासियों को व्यापक राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.