गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय की पीएचडी प्रवेश परीक्षा 12 जुलाई को, अभ्यर्थियों के लिए जरूरी अपडेट

श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय की पीएचडी प्रवेश परीक्षा अब 12 जुलाई को आयोजित की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर परीक्षा तिथि को अंतिम रूप दे दिया है।

इससे पहले 16 मई को विश्वविद्यालय ने प्रवेश परीक्षा को अग्रिम आदेशों तक स्थगित कर दिया था। गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. वाई.पी. रैवानी ने बताया कि सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद पीएचडी प्रवेश परीक्षा 12 जुलाई को आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि विभिन्न माध्यमों से प्राप्त अभ्यावेदनों और अभ्यर्थियों की मांग को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को पुनः खोलने का फैसला किया है।

इसके अंतर्गत समर्थ पोर्टल 22 एवं 23 जून को दो दिनों के लिए पुनः सक्रिय रहेगा। इच्छुक अभ्यर्थी इस अवधि में अपना ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद आवेदन तिथि बढ़ाने संबंधी किसी भी अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा। विश्वविद्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार केवल वही अभ्यर्थी पीएचडी प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित होने के पात्र होंगे, जिन्होंने शैक्षणिक सत्र 2024-25 तक अपनी न्यूनतम अर्हता परीक्षा अथवा संबंधित डिग्री पूर्ण कर ली हो।

वहीं शैक्षणिक सत्र 2025-26 में अध्ययनरत विद्यार्थियों को वर्तमान प्रवेश प्रक्रिया में पात्र नहीं माना जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने तथा प्रवेश परीक्षा से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट और अधिसूचनाओं पर नजर बनाए रखने की अपील की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.