कानून का शिकंजा कसा: ऑपरेशन प्रहार में दून पुलिस ने जुआरियों पर की निर्णायक कार्रवाई
देहरादून। राज्यभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने अवैध गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाली नगर क्षेत्र में हाईप्रोफाइल जुए के अड्डे का पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने देर रात्रि सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए 18 जुआरियों को गिरफ्तार किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में गठित टीम ने दिनांक 05/06 मई 2026 की रात सहारनपुर चौक स्थित महावीर अपार्टमेंट में दबिश दी। छापेमारी के दौरान अपार्टमेंट के तीसरे तल पर स्थित एक फ्लैट में बड़े स्तर पर जुआ खेला जा रहा था। पुलिस ने मौके से 18 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से 3,10,600 रुपये नगद, ताश की गड्डियां एवं डाइस बरामद किए गए। सभी के विरुद्ध कोतवाली नगर थाने में जुआ अधिनियम की धारा 3/4/5 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि उक्त फ्लैट रोशन लाल बंसल का है, जो अपने फ्लैट में अवैध रूप से जुआ खिलवाता था और स्वयं भी इसमें शामिल रहता था।
बरामदगी : 4 गड्डी ताश (कुल 208 पत्ते), 20 डाइस, 3,10,600 रुपये नगद
गिरफ्तार अभियुक्त:राकेश उर्फ तिनका, रोशन लाल बंसल, सुजल, निक्कू कुमार, सन्नी पासवान, प्रीतम, सुनील, इंतजार, सौरभ जायसवाल, विकास कुमार, अरुण कुमार, मुकेश, वाजिद खान, सूरज पासवान, सुबोध पासवान, दिलबर, हरीश, कादिर — सभी निवासी देहरादून।
दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।