धर्मपुर में विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी का समापन, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
-
खेल महाकुंभ के अंतर्गत विधानसभा धर्मपुर में विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी का रविवार को हुआ समापन
-
एथलेटिक्स, खो-खो, कबबड्डी, वॉलीबाल, पिट्ठू व मुर्गा झपट जैसी प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन
देहरादून। रविवार को विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी विधानसभा धर्मपुर का समापन हो गया, जिसका उद्घाटन शनिवार को विधायक विनोद चमोली ने किया। विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी के अंतर्गत अन्डर 14 व अन्डर 19 बालक-बालिका आयु वर्ग में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें एथलेटिक्स, खो-खो, कबबड्डी, वॉलीबाल, पिट्ठू व मुर्गा झपट जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
एसजीआरआर लक्ष्मण विद्यालय में शनिवार को खेल महाकुंभ के अंतर्गत विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी का उद्घाटन विधायक धर्मपुर विनोद चमोली ने मशाल जलाकर व प्रतिभागियों को शपथ दिलाकर किया। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को खेलभावना को ध्यान में रखते हुए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। इस दौरान श्री चमोली ने सभी प्रतिभागियों से मुलाकात भी की।
विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी की प्रतियोगिताओं का आगाज प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के जबरदस्त उत्साह के साथ हुआ। पहले दिन टीम गेम के अंतर्गत कबबड्डी अन्डर 14 बालिका वर्ग में डीएवी पब्लिक स्कूल प्रथम, हिमालयन पब्लिक स्कूल द्वितीय व एसजीएसयूएम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जबकि बालक वर्ग में डीएवी स्कूल प्रथम, डीपीआईसी द्वितीय व विलफ़ील्ड स्कूल तृतीय रहे। वालीबॉल अंडर 19 आयु वर्ग में जीआईसी धर्मपुर प्रथम, डीएवी द्वितीय और डीएवी वारीयर्स ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
यह भी पढ़ें: 38वें राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों को मिलेगी सरकारी नौकरी, प्रस्ताव मंजूर
पिट्ठू अंडर 19 आयु वर्ग में एसजीआरआर लखीबाग प्रथम, हिमालयन पब्लिक स्कूल द्वितीय व लक्ष्मण विद्यालय तृतीय रहे। कबबड्डी अंडर 14 आयु वर्ग में आईआईपी प्रथम व एसजीआरआर स्कूल द्वितीय रहे। 60 मीटर दौड़ में अविराज प्रथम, सारंग द्वितीय व अर्क तृतीय रहे। 600 मीटर दौड़ में प्राजील प्रथम, ऐश्वर्या द्वितीय व वैष्णवी तृतीय स्थान पर रहे।
5000 मीटर दौड़ में राहुल, यथार्थ व शारीक क्रमश प्रथम, द्वितीय व तृतीय रहे। लंबी कूद में सानिया प्रथम, 600 मीटर दौड़ में शानू प्रथम, चक्का फेंक में मोहित व सलोनी प्रथम, गोला फेंक में रिहान व सलोनी प्रथम रहे। मुर्गा झपट में 60 किग्रा में अयूब प्रथम व सन्नी द्वितीय रहे। बालिका वर्ग में आँचल, काजल व मुस्कान क्रमश प्रथम, द्वितीय व तृतीय रहे। वहीं अन्य श्रेणियों में भी बालक व बालिका वर्ग के अंतर्गत युवाओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।इस मौके पर स्थानीय पार्षद रमेश गौड़, एसजीआरआर लक्ष्मण विद्यालय के प्रबंधक चंद्र सिंह पयाल, विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश मोहन डबराल, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी विनीता नौटियाल व व्यायाम शिक्षक गगन रावत उपस्थित थे।

