डिजिटल मीडिया साक्षरता पर कार्यशाला 2 नवंबर को
नरेंद्रनगर (टिहरी गढ़वाल)। धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय, नरेंद्रनगर के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की ओर से 2 नवंबर 2026 को डिजिटल मीडिया साक्षरता विषय पर हाइब्रिड मोड में कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
कार्यशाला का उद्देश्य ग्रामीण समुदायों में डिजिटल मीडिया साक्षरता को बढ़ावा देना तथा लोगों को सही और गलत सूचनाओं के बीच अंतर करने के प्रति जागरूक करना है। इसमें डिजिटल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग, फेक न्यूज एवं भ्रामक सूचनाओं की पहचान, डिजिटल सामग्री की सत्यता की जांच, एआई से निर्मित सामग्री और साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। कार्यशाला में विशेषज्ञ प्रतिभागियों को सोशल मीडिया एल्गोरिदम, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सूचना के प्रसार और ऑनलाइन सामग्री के विश्वसनीय स्रोतों की पहचान के बारे में भी जानकारी देंगे।
कार्यशाला में डॉ. आकांक्षा शुक्ला, श्री अरविंद शुक्ला, डॉ. रंजीता जाखड़ी तथा सुश्री अनन्या मिश्रा सहित विभिन्न विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे। यह पहल मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा शोध प्रोत्साहन योजना (उत्तराखंड) के अंतर्गत संचालित शोध परियोजना “Impact of Misinformation and Fake News Spread Through Social Media on Rural Population in Uttarakhand” से भी जुड़ी है। इच्छुक प्रतिभागी पंजीकरण लिंक के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए डॉ. सृचना सचदेवा (9794653633) तथा डॉ. सोनी तिलारा (9969076430) से संपर्क किया जा सकता है। यह कार्यशाला ग्रामीण समुदायों को जागरूक, जिम्मेदार और सुरक्षित डिजिटल नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
