डॉ. योषिता पाण्डेय को स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय से पीएचडी की उपाधि

yoshita pandeyदेहरादून। पत्रकारिता एवं जनसंचार के क्षेत्र में सक्रिय डॉ. योषिता पाण्डेय ने अपनी शैक्षणिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उन्हें स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय, देहरादून के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग से डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (पीएचडी) की उपाधि प्रदान की गई। उन्होंने “देहरादून जनपद में आकाशवाणी से प्रसारित कार्यक्रमों के प्रभाव का अध्ययन” विषय पर शोध किया।

उन्होंने शोध में आकाशवाणी देहरादून के कार्यक्रमों के सामाजिक, शैक्षिक, सांस्कृतिक और जन-जागरूकता संबंधी प्रभावों के साथ ही श्रोताओं के साथ उनके जुड़ाव का अध्ययन किया। शोध में बदलते मीडिया परिवेश को ध्यान में रखते हुए युवाओं को आकाशवाणी से जोड़ने, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर इसकी उपस्थिति बढ़ाने और फोन-इन व लाइव इंटरैक्शन जैसे संवादात्मक कार्यक्रमों को मजबूत करने की आवश्यकता भी सामने आई।

आकाशवाणी से लंबे समय से जुड़ी डॉ. पाण्डेय समनुदेशित उद्घोषिका एवं समाचार वाचिका के रूप में कार्य कर रही हैं। इसके साथ ही वह दून डेली न्यूज़ में चीफ एडिटर और एस्ट्रोसेज प्लेटफॉर्म पर ज्योतिष विशेषज्ञ के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रही हैं। पीएचडी की अकादमिक प्रक्रिया में देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार के फैकल्टी ऑफ कम्युनिकेशन के प्रोफेसर एवं डीन डॉ. सुखनंदन सिंह विशेषज्ञ के रूप में उपस्थित रहे।

अपनी इस उपलब्धि को डॉ. पाण्डेय ने अपनी दिवंगत माता की प्रेरणा को समर्पित किया। उन्होंने अपने गुरुओं, जीवनसाथी, बेटी, भाई और शुभचिंतकों के सहयोग को भी अपनी सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.