उत्तराखंड राज्यसभा चुनाव: 16 अक्टूबर को मतदान, 29 सितंबर से नामांकन
उत्तराखंड राज्यसभा सीट के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी, 16 अक्टूबर को होगा मतदान
देहरादून। उत्तराखंड में राज्यसभा की एक सीट के लिए चुनाव की तारीख तय हो गई है। निर्वाचन आयोग ने उत्तराखंड के साथ उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए भी द्विवार्षिक चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है।
उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 में समाप्त होने जा रहा है। बंसल नवंबर 2020 में उत्तराखंड से राज्यसभा सदस्य निर्वाचित हुए थे। इसके बाद रिक्त होने वाली सीट पर नए सदस्य के निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू होगी।
निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार उत्तराखंड राज्यसभा सीट के लिए 29 सितंबर 2026 को अधिसूचना जारी की जाएगी। इसी दिन से उम्मीदवार नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे।
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवारों के पास 9 अक्टूबर तक अपना नाम वापस लेने का मौका रहेगा।
राज्यसभा चुनाव के लिए उत्तराखंड में 16 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। मतदान सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी।
राज्यसभा के चुनाव में संबंधित राज्य के निर्वाचित विधायक मतदान करते हैं। उत्तराखंड विधानसभा में कुल 70 निर्वाचित सीटें हैं।
यह भी पढ़ें : संघ के वरिष्ठ अखिल भारतीय प्रचारक भैय्याजी जोशी ने महाराज को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
उत्तराखंड की एक सीट के साथ ही यूपी की 10 सीटों पर भी चुनाव
निर्वाचन आयोग के घोषित कार्यक्रम में उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटें भी शामिल हैं। वहीं पश्चिम बंगाल में खाली हुई एक राज्यसभा सीट के लिए अलग से उपचुनाव कराया जाएगा। इस तरह 16 अक्टूबर 2026 को राज्यसभा की कुल 12 सीटों के लिए मतदान की प्रक्रिया होगी।
उत्तराखंड में चुनाव कार्यक्रम सामने आने के बाद राज्यसभा सीट को लेकर राजनीतिक गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि, इस सीट पर कौन-कौन से उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरेंगे, इसकी स्थिति नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।