नर्सिंग एकता मंच की चेतावनी : 19 जनवरी को सीएम आवास घेराव और सामूहिक मुंडन से हिलेगा देहरादून
देहरादून: उत्तराखंड प्रेस क्लब (Uttarakhand Press Club) में बुधवार को नर्सिंग एकता मंच ने नर्सिंग भर्ती की लंबित समस्याओं पर जोरदार प्रेस वार्ता आयोजित की। मंच ने सरकार की भर्ती नीतियों पर कड़े सवाल खड़े करते हुए 19 जनवरी को मुख्यमंत्री आवास का घेराव और विरोध के प्रतीक के रूप में सामूहिक मुंडन का ऐलान किया। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन पूरे राज्य में फैल जाएगा।
मंच के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि नर्सिंग भर्ती वर्षवार होनी चाहिए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और हजारों अभ्यर्थियों को बराबर मौका मिले। वर्तमान प्रक्रिया को अभ्यर्थी-विरोधी बताते हुए ओवरएज मुद्दे पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा, “पिछली भर्ती 12 साल के इंतजार के बाद आई और उसके पूरा होने में 5 साल लगे। कुल 17 साल की देरी से सैकड़ों योग्य नर्सें आयु सीमा से बाहर हो गईं। बीएफ भर्ती में इन्हें विशेष छूट मिलनी चाहिए।”
प्रमुख मांगों में लिखित भर्ती विज्ञप्ति रद्द करना, वर्षवार भर्ती बहाल करना और IPHS मानकों के अनुरूप 2500 पदों पर तत्काल भर्ती शामिल है। मंच ने बताया कि राज्य में नर्सिंग स्टाफ की किल्लत से अस्पतालों की सेवाएं चरमरा रही हैं, जिसका खामियाजा मरीज भुगत रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह आंदोलन स्वास्थ्य क्षेत्र की लंबे समय की उपेक्षा को उजागर कर सकता है।
वार्ता में अध्यक्ष नवल पुंडीर, संरक्षक विकास पुंडीर, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रवेश रावत, प्रवक्ता स्तुति सती के अलावा सोनिया नेगी, सुषमा, नीमा, लक्ष्मी, विनीता समेत बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे। मंच ने सरकार से अपील की कि अभ्यर्थियों के भविष्य और जनस्वास्थ्य को प्राथमिकता दें, वरना 19 जनवरी का कार्यक्रम केवल शुरुआत होगा।
