‘ओकल्ट सीरीज़ एवं गुलाबो अवॉर्ड्स 2026’ का शुभारंभ, ‘निरावधी’ का हुआ लोकार्पण
देहरादून। समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, साहित्यकारों, उद्यमियों एवं विभिन्न क्षेत्रों की प्रेरणादायी हस्तियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित “ओकल्ट सीरीज़ एवं गुलाबो अवॉर्ड्स 2026” का भव्य आयोजन निरावधी एवं फिक्की फ्लो की ओर से देहरादून में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री सुनीता राजवार रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसमें सुनीता राजवार, भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी, ‘नमक वाली’ ब्रांड की संस्थापक शशि जी, फिक्की फ्लो उत्तराखंड की चेयरपर्सन तृप्ति बहल तथा अन्य गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत संगीतमय प्रस्तुति, स्वागत संबोधन, श्लोक वाचन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं काव्य पाठ से हुई। इस अवसर पर “निरावधी” काव्य संग्रह “कवि और कविता” का भी भव्य विमोचन किया गया। मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने पुस्तक का लोकार्पण करते हुए साहित्य को समाज का दर्पण बताते हुए ऐसे रचनात्मक प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान ओकल्ट सीरीज़ अवॉर्ड्स, गुलाबो अवॉर्ड्स, अन्य विशेष सम्मान एवं स्पेशल अवॉर्ड्स प्रदान किए गए। ओकल्ट सीरीज़ अवॉर्ड्स के अंतर्गत कोमल, मानसी, अनुभूति, अमृता, आचार्या वर्षा मट्टा, रतिका खेरा, मनीषा एवं अनु टंडन को सम्मानित किया गया। गुलाबो अवॉर्ड्स से श्रद्धा एवं करण, शिल्पा अरोड़ा, मीतू बंसल, जागृति टंडन, गीतिका ओबेरॉय, मेघा अग्रवाल, अर्चना सिंघल, बिंदु एवं नैना, शानू अग्रवाल, इरा एच. मथपाल, मनीत सूरी, लुबना मिर्जा, समीक्षा, पूजा अग्रवाल तथा मीतू रस्तोगी को सम्मानित किया गया।
अन्य सम्मान के अंतर्गत प्रिया गुलाटी, स्मृति लाल एवं डॉ. शिखा भास्कर को सम्मानित किया गया। वहीं विशेष सम्मान फिल्म अभिनेत्री सुनीता राजवार, नविताल्या एवं जेएसआर ग्रुप ऑफ होटल्स को प्रदान किए गए। मुख्य अतिथि सुनीता राजवार ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मानित करने वाले ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
उन्होंने कहा कि कला, साहित्य और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान नई पीढ़ी को प्रेरणा देता है। आयोजक प्राची चंद्र ने कहा कि ओकल्ट सीरीज़ एवं गुलाबो अवॉर्ड्स का उद्देश्य उन व्यक्तित्वों को सम्मानित करना है, जो अपने कार्यों से समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह मंच महिलाओं, साहित्यकारों, उद्यमियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करने का एक सार्थक प्रयास है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में यह आयोजन और अधिक व्यापक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन की प्रेरणा देता रहेगा। कार्यक्रम में समय बांधने का काम मोहित शौर्य एवं श्रीकांत श्री जी ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कोऑर्डिनेटर मयूर कंडवाल, अंकुर भट्ट एवं सानिया राणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह के अंत में सभी सम्मानित अतिथियों एवं पुरस्कार विजेताओं का अभिनंदन किया गया तथा समूह छायाचित्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।