आबकारी विभाग का शिकंजा, तस्करी की शराब समेत दो गिरफ्तार

ऋषिकेश: आबकारी विभाग की ऋषिकेश टीम ने अवैध शराब तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाते हुए दो अलग-अलग कार्रवाई में एक शराब तस्कर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अंग्रेजी, बीयर और देसी शराब बरामद की है। पहली कार्रवाई में आबकारी टीम ने रेलवे स्टेशन के समीप घेराबंदी कर हरिद्वार से तस्करी कर लाई जा रही शराब से भरे एक चारपहिया वाहन (UK08AR6434) को पकड़ा।

तलाशी के दौरान वाहन से कुल 7 पेटी शराब बरामद हुई, जिनमें 5 पेटी अंग्रेजी शराब और 2 पेटी बीयर शामिल हैं। मौके से वाहन चालक अनिल कुमार पुत्र रमेश चंद, निवासी जगजीतपुर, हरिद्वार को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।दूसरी कार्रवाई में आबकारी टीम ने शांतिनगर बनखंडी क्षेत्र में छापेमारी कर आशीष गुप्ता पुत्र रामपाल गुप्ता को 47 पाउच माल्टा देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया।

आरोपी के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई को आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में उप आबकारी निरीक्षक आशीष प्रकाश, हेड कांस्टेबल अर्जुन सिंह, अंकित कुमार, दीपा, रीना तथा सिपाही सोनम और रेशमा शामिल रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.