BREAKING: उत्तराखंड में 4.9 तीव्रता का भूकंप, चमोली रहा केंद्र; दिल्ली-NCR तक महसूस हुए झटके

रात 10:23 बजे आए भूकंप के झटकों से कई जगह घरों से बाहर निकले लोग, फिलहाल बड़े नुकसान की सूचना नहीं

earthquake in chamoli district in uttarakhand-90kb

देहरादून/चमोली। उत्तराखंड में मंगलवार रात भूकंप के तेज झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। रात करीब 10 बजकर 23 मिनट पर चमोली जनपद में 4.9 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप के झटके उत्तराखंड के कई पर्वतीय और मैदानी इलाकों के साथ हल्द्वानी, नैनीताल, उत्तरकाशी समेत कई जिलों और दिल्ली-NCR तक महसूस किए गए।

अचानक धरती में कंपन महसूस होते ही कई स्थानों पर लोग घबराकर अपने घरों और भवनों से बाहर निकल आए। हालांकि, फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार भूकंप से किसी बड़े जनहानि या भवनों को गंभीर नुकसान की सूचना नहीं है।

चमोली में रहा भूकंप का केंद्र

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के समीक्षा किए गए आंकड़ों के अनुसार भूकंप का केंद्र चमोली जिले में 30.103° उत्तरी अक्षांश और 79.561° पूर्वी देशांतर पर स्थित था। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.9 दर्ज की गई।

भूकंप का असर केवल चमोली और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहा। इसके झटके कुमाऊं और गढ़वाल के कई इलाकों के साथ मैदानी क्षेत्रों में भी महसूस किए गए।

हल्द्वानी में भी महसूस हुए झटके

हल्द्वानी में रात करीब 10:24 बजे लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए। कई लोगों ने घरों और ऊंची इमारतों में कंपन महसूस होने की जानकारी दी। कुछ स्थानों पर खिड़कियों के शीशे हिलते हुए भी देखे गए।

भूकंप के झटकों के बाद कई लोग एहतियातन अपने घरों और भवनों से बाहर निकल आए। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने भूकंप महसूस होने की जानकारी साझा की।

यह भी पढ़ें : रजिस्ट्री की समस्या के समाधान का रास्ता तलाशेगी ‘जन की बात’: थापर

दिल्ली-NCR तक महसूस हुई धरती की कंपन

भूकंप के झटके दिल्ली-NCR तक भी महसूस किए जाने की जानकारी सामने आई है। भूकंप की तीव्रता और इसके केंद्र की स्थिति के चलते कंपन काफी दूर तक महसूस किए गए।

प्रशासन ने की सतर्क रहने की अपील

भूकंप के बाद प्रशासन की ओर से लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की गई है। लोगों को किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने और भूकंप से संबंधित जानकारी के लिए केवल अधिकृत प्रशासनिक एवं आपदा प्रबंधन स्रोतों पर भरोसा करने की सलाह दी गई है।

फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार भूकंप से किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। चमोली सहित प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन और संबंधित टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.