उत्तरकाशी को बड़ी सौगात: बड़कोट-चिन्यालीसौड़ में हेली सेवा जल्द, चंडीगढ़ के लिए सीधी रोडवेज बस का आश्वासन

देहरादून। उत्तरकाशी जिले के लोगों के लिए यातायात और आपात सुविधाओं को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। बड़कोट और चिन्यालीसौड़ में शीघ्र हेली सेवा शुरू करने की दिशा में राज्य सरकार ने ठोस कदम उठाने का भरोसा दिया है। इसके साथ ही उत्तरकाशी से चिन्यालीसौड़ होते हुए चंडीगढ़ के लिए नियमित रोडवेज बस सेवा शुरू करने का भी आश्वासन मिला है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में मिले प्रतिनिधिमंडल को यह भरोसा दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर प्रस्तावित योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए।

मनवीर सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि बड़कोट हेलीपैड की चहारदीवारी और संपर्क सड़क के डामरीकरण के लिए 1करोड़ 88 लाख 54 हजार रुपये की धनराशि पहले ही स्वीकृत की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि हेली सेवाओं के शुरू होने से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं आपदा के समय और गंभीर मरीजों को त्वरित रूप से उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने में भी यह सेवा बेहद कारगर साबित होगी।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष उत्तरकाशी से चंडीगढ़ के लिए सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू करने की मांग भी रखी। उन्होंने बताया कि फिलहाल इस रूट पर कोई सीधी बस सेवा उपलब्ध नहीं है, जिससे स्थानीय लोगों, छात्रों और नौकरीपेशा यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

मुख्यमंत्री धामी ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए उत्तरकाशी से चिन्यालीसौड़ होते हुए चंडीगढ़ के लिए रोडवेज बस संचालन की प्रक्रिया जल्द शुरू करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी सरकार की प्राथमिकता है और जनता की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

सरकार के इस आश्वासन के बाद क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि आने वाले समय में उत्तरकाशी जिले की हवाई और सड़क कनेक्टिविटी और मजबूत होगी, जिससे आमजन के साथ-साथ पर्यटन और आपात सेवाओं को भी नई गति मिलेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.