माउंट ज़ायन स्कूल में उत्साह के साथ संपन्न हुई इन्वेस्टिचर सेरेमनी
देहरादून। माउंट ज़ायन स्कूल में इन्वेस्टिचर सेरेमनी बड़े उत्साह, उमंग और गरिमामय वातावरण के साथ आयोजित की गई। कार्यक्रम के दौरान कक्षा 8 के विद्यार्थियों को छात्र परिषद् की जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं। पूरे विद्यालय परिसर में गर्व, अनुशासन और नेतृत्व की भावना देखने को मिली। कार्यक्रम का शुभारंभ अंकिता सोनकर के स्वागत भाषण से हुआ, जिसमें उन्होंने मुख्य अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का हार्दिक स्वागत किया। इसके पश्चात रेवरेण्ड जे. पी. सिंह द्वारा प्रार्थना कराई गई तथा “लॉर्ड्स प्रेयर” प्रस्तुत की गई।
इसके बाद छात्र परिषद् के सदस्यों ने अपने पद एवं कर्तव्यों की शपथ ली। छात्र परिषद् द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट समारोह का विशेष आकर्षण रहा। विद्यार्थियों ने अनुशासन, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट तालमेल का परिचय देते हुए सभी का मन मोह लिया। विद्यालय के विभिन्न हाउसों के कैप्टन एवं उनके आदर्श वाक्य भी घोषित किए गए। ब्लू हाउस “ट्रस्ट हाउस” की कैप्टन अनुप्रिया बनीं, जिनका आदर्श वाक्य था — “मैं परमेश्वर पर विश्वास रखता हूँ; मैं भयभीत नहीं होऊँगा।” ग्रीन हाउस “पीस हाउस” के कैप्टन पवन बनाए गए, जिनका आदर्श वाक्य था — “बुराई से दूर रहो, भलाई करो, शांति को खोजो और उसका अनुसरण करो।”
रेड हाउस “स्ट्रेंथ हाउस” की कैप्टन स्वास्तिका रहीं, जिनका आदर्श वाक्य था — “प्रभु का आनंद ही तुम्हारी शक्ति है।” वहीं येलो हाउस “होप हाउस” के कैप्टन अंश बने, जिनका आदर्श वाक्य था — “हे प्रभु में आशा रखने वालों, दृढ़ और साहसी बनो।”इस अवसर पर विद्यार्थियों को उनके अभिभावकों एवं हाउस मास्टर्स द्वारा बैज एवं सैश पहनाए गए, जिससे समारोह भावुक एवं यादगार बन गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। जूनियर स्कूल के विद्यार्थियों ने “God Made Me” गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि सीनियर कॉयर द्वारा “Top of the World” गीत प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया गया।
इसके पश्चात सीनियर विद्यार्थियों ने “Focus” विषय पर आकर्षक कोरियोग्राफी प्रस्तुत की। विद्यालय की प्रधानाचार्या सोनिया पॉल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों को नेतृत्व, अनुशासन और समर्पण का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने तथा विद्यालय के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मुख्य अतिथि ब्रजेश पॉल, रेवरेण्ड जे. पी. सिंह, बोर्ड सदस्यों, ज्ञान एवं उपस्थित अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सफलतापूर्वक हुआ। समारोह के बाद विद्यार्थियों में नेतृत्व, जिम्मेदारी और आत्मविश्वास की नई ऊर्जा देखने को मिली।