शैक्षिक भ्रमण में पर्यटन के छात्रों ने सीखे राफ्टिंग के गुर
नरेंद्र नगर। राजकीय महाविद्यालय नरेंद्र नगर में पर्यटन के छात्रों का शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन*। धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय नरेंद्र नगर के पर्यटन के छात्र-छात्राओं हेतु दो दिवसीय शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन शिवपुरी स्थित बीच कैंप में किया गया।
शैक्षिक भ्रमण में राफ्टिंग गतिविधियों की व्यावहारिकता से छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि हरपाल भंडारी ने कहा कि नरेंद्र नगर परिक्षेत्र स्थित बडल-बवानी एवं शिवपुरी क्षेत्र का समृद्धशाली इतिहास रहा है जिसकी जानकारी प्रत्येक छात्र छात्रों को होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि रिसोर्सेस यानी संसाधनों का ज्ञान सृजन कर पर्यटन में स्वावलंबन की भावना छात्र-छात्राओं को विकसित करनी चाहिए।
बताते चलें कि महाविद्यालय द्वारा दो दिवसीय पर्यटन शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम के माध्यम से अध्यनरत पर्यटन के छात्र-छात्राओं को प्रत्येक वर्ष रिवर राफ्टिंग, बंजी जंपिंग, रॉक क्लाइंबिंग, रैपलिंग गतिविधियों का व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। इस अवसर पर पर्यटन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ संजय महर ने कहा कि पर्यटन के छात्र-छात्राएं पर्यटन उद्योग में ब्रांड एंबेसडर के रूप में प्रशिक्षण एवं कौशल विकास संवर्धन के माध्यम से राज्य के पर्यटन स्थलों के संतुलित विकास में अपनी भूमिका का बखूबी निर्वहन कर सकते हैं।
विभाग में कार्यरत डॉक्टर विजय भट्ट ने कहा कि गंगा नदी में राफ्टिंग की तकनीकी दक्षताओं के समावेश से छात्र-छात्राएं पर्यटन उद्योग में सशक्त मानव संसाधन के रूप में अपना योगदान दे सकते हैं। धन्यवाद ज्ञापन यात्रा सहायक शिशुपाल ने किया। मौके पर अजय, अमन, मीतांजलि, शुभम, विकास, हिमांशु रामपाल, धीरेंद्र, केशव इत्यादि मौजूद रहे। शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम में शिवपुरी से निम बीच तक छात्र-छात्राओं ने राफ्टिंग एवं क्लिफ जंपिंग के रोमांच से गंगा नदी में राफ्टिंग गतिविधियों का आनंद उठाया।