पीएचडी प्रवेश परीक्षा: HNBGU ने जारी किया नोटिफिकेशन, जानिए अंतिम तिथि..

  • समर्थ पोर्टल hnbguadm.samarth.edu.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं छात्र

श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार पीएचडी प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया कल (आज) से प्रारंभ होगी। गढ़वाल विवि के कुलसचिव प्रो. वाईपी रैवानी ने नोटिफिकेशन जारी करते हुए कहा कि 1 मई तक आवेदन फार्म की तिथि निर्धारित की गई है। छात्र समर्थ पोर्टल hnbguadm.samarth.edu.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

प्रो. रैवानी ने बताया कि प्रवेश परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 12 मई से डाउनलोड किए जा सकेंगे, जबकि परीक्षा का आयोजन 17 मई को आयोजित कि जायेगी। गौरतलब है कि विश्वविद्यालय द्वारा इससे पूर्व भी पीएचडी प्रवेश के लिए एक अधिसूचना जारी कर छूट श्रेणी के अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए थे। वर्तमान अधिसूचना के माध्यम से अब अन्य अभ्यर्थियों, विशेषकर प्रवेश परीक्षा के माध्यम से आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि जो अभ्यर्थी पूर्व में जारी अधिसूचना के तहत आवेदन कर चुके हैं, उन्हें पुनः आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है।

परीक्षा की अवधि दो घंटे होगी। प्रवेश परीक्षा में सामान्य वर्ग के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत तथा आरक्षित वर्ग के लिए 45 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। सफल अभ्यर्थियों को साक्षात्कार हेतु आमंत्रित किया जाएगा, जहां उनके शोध प्रस्ताव और योग्यता का मूल्यांकन किया जाएगा। आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी एवं ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 700 रुपये तथा एससी, एसटी एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 350 रुपये निर्धारित किया गया है।

परीक्षा केंद्रों के लिए चार शहर श्रीनगर, टिहरी, देहरादून एवं दिल्ली निर्धारित किए गए हैं, जिनमें अभ्यर्थियों को उनके चयन के अनुसार परीक्षा केंद्र आवंटित किए जाएंगे। साथ ही विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में आवेदन प्राप्त नहीं होते हैं, तो विश्वविद्यालय को उस केंद्र को निरस्त करने तथा संबंधित अभ्यर्थियों को अन्य केंद्र पर स्थानांतरित करने का अधिकार सुरक्षित रहेगा।

PhD-Entrance-Exam

Leave A Reply

Your email address will not be published.