पटेलनगर में पुलिस की सघन चेकिंग, नियमों के उल्लंघन पर 30 भवन स्वामियों पर 3 लाख का जुर्माना

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर दून पुलिस द्वारा संदिग्धों और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने आजाद कॉलोनी, लोहियानगर, ब्रह्मपुरी सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया।

अभियान के दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमों ने 545 किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया। इसके साथ ही पूर्व में आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहे, प्रकाश में आए और जमानत पर चल रहे सात अभियुक्तों का भी भौतिक सत्यापन किया गया। पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों को भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी।

सत्यापन न कराने पर भवन स्वामियों पर कार्रवाई

अभियान के दौरान किरायेदारों और घरेलू सहायकों का सत्यापन नहीं कराने तथा अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर पुलिस ने 30 भवन स्वामियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत चालान की कार्रवाई करते हुए कुल तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया।

सात संदिग्धों से पूछताछ

पुलिस ने अभियान के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे सात व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने लाया। पुलिस के अनुसार, इन व्यक्तियों से आवश्यक पूछताछ की जा रही है। दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने भवन स्वामियों से किरायेदारों एवं घरेलू सहायकों का समय पर सत्यापन कराने की अपील की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.