यमुनोत्री धाम: DM उत्तरकाशी ने जारी की नई गाईडलाईन, अब घोड़े-खच्चर और डण्डी का होगा सुचारू संचालन

यमुनोत्री धाम में हर घोड़े खच्चर के प्रस्थान, यात्री के दर्शन और वापसी के लिए कुल 05 घंटे का समय निर्धारित

उत्तरकाशी। श्री यमुनोत्री धाम में पैदल यात्रा मार्ग पर यात्रियों के आवागमन को सुगम एवं शान्तिपूर्वक ढंग से सम्पादित कराये जाने व घोड़े खच्चर एवं डण्डी के सुचारू संचालन के लिए जिलाधिकारी डॉ मेहरबान सिंह बिष्ट ने सोमवार को गाईडलाईन जारी कर दी।

जानकीचट्टी से यमुनोत्री व यमुनोत्री से जानकीचट्टी आने-जाने वाले घोड़े खच्चरों की संख्या अधिकतम 800 निर्धारित कर दी गई है। घोड़े-खच्चर के आवागमन का समय सुबह 04 बजे से साँय 05 बजे तक निर्धारित गई है। घोड़े खच्चरों की संख्या 800 पूर्ण होने के पश्चात खच्चर उसी अनुपात में जानकीचट्टी से भेजे जायेगे, जिस अनुपात में यमुनोत्री से खच्बर वापस आयेगें।

प्रत्येक घोड़े खच्चर के प्रस्थान, यात्री के दर्शन तथा वापसी हेतु कुल 05 घंटे का समय निर्धारित किया गया है। 05 घंटे से अधिक कोई भी घोड़े खच्चर यात्रा मार्ग पर नहीं रहेंगे। अगर घोड़े खच्चर कम संख्या में है, तो उनको रोटेशन के आधार पर जाने दिया जायेगा। यात्री के यमुनोत्री धाम पहुंचने पर दर्शन के लिए 60 मिनट का समय निर्धारित किया जाता है। इस संबंध में मंदिर समिति से आपेक्षा की जाती है कि वे अपने स्तर से भी स्वयं सेवक तैनात करते हुए उक्त व्यवस्था का अनुपालन करवायें।

अपरिहार्य स्थिति को छोड़ते हुये घोड़ा खच्चर संचालक 60 मिनट का इंतजार करने के पश्चात घोड़ा/खच्चर संचालक जिला पंचायत द्वारा घोड़ा पड़ाव में तैनात कर्मी से अनुमति प्राप्त कर यात्री के बिना वापस लौट आयेगा। प्रीपेड काउंटर पर ही पर्चियां काटी जायेगी व वहीं पर भुगतान की व्यवस्था की जाय तथा यात्रीगणों को लाउडस्पीकर के माध्यम से अवगत कराया जायेगा।

घोड़े खच्चर का संचालन प्रीपेड काउंटर से ही किया जायेगा, अन्यत्र किसी भी स्थान से संचालन की अनुमति नहीं दी जाये। जानकीचट्टी से यमुनोत्री एवं यमुनोत्री से जानकीचट्टी आने-जाने वाले डण्डी की संख्या अधिकतम 300 निर्धारित की जाती है। डण्डी के आवागमन का समय प्रातः 04 बजे से साँय 04 बजे तक निर्धारित किया जाता है।

डण्डी के लिये आवागमन का समय 06 घंटा निर्धारित किया जाता है तथा 50 के लॉट में छोड़े जायेंगे। एक लॉट के छोड़े जाने के पश्चात दूसरा लॉट 01 घण्टे के अंतराल में रोटेशन अनुसार छोड़ा जायेगा। डंडी का संचालन बिरला धर्मशाला से किया जायेगा अन्यन्त्र किसी भी स्थान से संचालन की अनुमति नहीं दी जायेगी। अपरिहार्य परिस्थिति को छोड़कर डण्डी संचालक 60 मिनट का इंतजार करने के पश्चात जिला पंचायत द्वारा घोड़ा पड़ाव में तैनात कर्मी से अनुमति प्राप्त कर यात्री के बिना वापस लौट आयेगा।

श्री यमुनोत्री धाम में घोड़ा पड़ाव से आगे किसी भी दशा में घोड़ा/खच्चर एवं डण्डी को पूर्णतः निषेध किया जाता है। यदि किसी व्यक्ति द्वारा इस आदेश का उल्लंघन किया जाता है, तो उसका यह कृत्य भारतीय दण्ड संहिता की धारा 188 के अन्तर्गत दण्डनीय होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.