ईरान तुरंत छोड़ें: भारतीय दूतावास ने जारी की अहम एडवाइजरी
ईरान में बिगड़ते सुरक्षा हालात को देखते हुए भारत सरकार ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एक अहम एडवाइजरी जारी की है। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने सभी भारतीयों और भारतीय मूल के लोगों और PIO से आग्रह किया है कि वे उपलब्ध साधनों, खासकर कमर्शियल फ्लाइट्स के जरिए, जल्द से जल्द ईरान छोड़ दें। दूतावास की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि क्षेत्र में बढ़ते तनाव, संभावित सैन्य गतिविधियों और देश के कई हिस्सों में जारी विरोध प्रदर्शनों के चलते सुरक्षा स्थिति लगातार बदल रही है। इसी वजह से यह चेतावनी जारी की गई है।
सतर्क रहने और भीड़ से दूर रहने की सलाह
भारतीय दूतावास ने ईरान में मौजूद नागरिकों से पूरी सावधानी बरतने को कहा है। एडवाइजरी में साफ तौर पर निर्देश दिया गया है कि लोग किसी भी तरह के प्रदर्शन, विरोध या अशांति वाले इलाकों से दूर रहें। साथ ही, स्थानीय मीडिया पर नजर बनाए रखें और किसी भी नए घटनाक्रम के लिए भारतीय दूतावास के संपर्क में रहें।
दस्तावेज़ तैयार रखने का आग्रह
भारतीय नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे अपने जरूरी दस्तावेज़ जैसे पासपोर्ट, वीज़ा और पहचान पत्र हमेशा आसानी से उपलब्ध रखें, ताकि आपात स्थिति में किसी तरह की परेशानी न हो। जरूरत पड़ने पर दूतावास से तुरंत संपर्क करने को भी कहा गया है।
इमरजेंसी हेल्पलाइन और रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था
आपात मदद के लिए भारतीय दूतावास ने विशेष हेल्पलाइन नंबर और एक आधिकारिक ईमेल आईडी जारी की है, जिनके जरिए कांसुलर सहायता ली जा सकती है। जिन भारतीयों ने अब तक दूतावास में अपना पंजीकरण नहीं कराया है, उनसे विदेश मंत्रालय के ऑनलाइन पोर्टल पर तुरंत रजिस्टर करने को कहा गया है। इसके अलावा भारत में रह रहे परिवारों से भी अपील की गई है कि अगर ईरान में इंटरनेट सेवाओं में बाधा आती है, तो वे अपने परिजनों की ओर से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करें।
