UCC

जमरानी बांध परियोजना को लेकर स्क्रीनिंग कमेटी की अंतिम बैठक जल्द

देहरादून। उत्तराखंड के मशहूर जमरानी बांध को लेकर जल्द बड़ा निर्णय लिया जा सकता है। केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट के ड्रीम प्रोजेक्ट जमरानी बहुउद्देश्यीय बांध परियोजना की अंतिम बैठक जल्द होगी।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड राज्य की महत्वाकांक्षी व जनउपयोगी जमरानी बांध परियोजना को लेकर जल्द स्क्रीनिंग कमेटी की अंतिम बैठक आयोजित होगी। अंतिम बैठक में जमरानी बांध परियोजना बनाए जाने को लेकर ऐतिहासिक फैसला होगा। भट्ट ने कहा कि वह जल्द ही केंद्रीय जल संसाधन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात कर जमरानी बांध परियोजना के लिए वित्तीय स्वीकृति को लेकर अंतिम मुहर लगाए जाने के लिए स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक यथाशीघ्र कराने का आग्रह करेंगे।

गौरतलब है कि जमरानी बांध परियोजना न सिर्फ तराई भावर और उत्तर प्रदेश की जमीनों में पानी और सिंचाई के संकट को दूर करेगी बल्कि 16 मेगावाट बिजली भी उत्पन्न करेगी। नैनीताल उधम सिंह नगर के बतौर सांसद भट्ट ने सांसद बनने के बाद लोकसभा के शून्य काल में जमरानी बांध परियोजना के विषय में सबसे पहले सवाल उठाया था और इसे ड्रीम प्रोजेक्ट मानकर लगातार इस परियोजना की कार्य प्रगति की मॉनिटरिंग कर उसे अंतिम पड़ाव तक पहुंचाने का काम भी किया। भट्ट ने कहा है कि जल्द स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में जमरानी बांध को लेकर अंतिम ऐतिहासिक फैसला सामने आएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.