छठ पूजा पर दून में ट्रैफिक डायवर्जन लागू, 15-16 नवंबर को कई रूट रहेंगे बंद; पांच स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था

देहरादून। छठ पूजा के मद्देनजर देहरादून में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए दून पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। 15 और 16 नवंबर 2026 को लागू रहने वाली इस व्यवस्था के तहत प्रेमनगर और नन्दा की चौकी क्षेत्र में वाहनों के आवागमन के रूट बदले जाएंगे। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों के साथ ही भारी वाहनों के लिए भी अलग डायवर्जन निर्धारित किया है। इसके अलावा पूजा स्थलों के आसपास पांच स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

पुलिस के मुताबिक, देहरादून से सहसपुर और विकासनगर की ओर जाने वाले वाहनों को प्रेमनगर से न्यू एक्सप्रेस-वे होते हुए सिंघनीवाला की तरफ भेजा जाएगा। इससे प्रेमनगर और नन्दा की चौकी क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

इन मार्गों से पहुंच सकेंगे श्रद्धालु

नन्दा की चौकी स्थित छठ पूजा स्थल पर जाने वाले श्रद्धालु रांघड़वाला तिराहा और प्रेमनगर चौक होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंच सकेंगे।

वहीं, भाऊवाला से प्रेमनगर आने वाले वाहनों को सुद्धोवाला चौक, बालाजी धाम कट और ठाकुरपुर रोड से होकर प्रेमनगर चौक पहुंचना होगा। बिधौली से प्रेमनगर जाने वाले वाहन नन्दा की चौकी, सुद्धोवाला चौक, बालाजी धाम कट और ठाकुरपुर रोड का इस्तेमाल करेंगे।

इसी तरह प्रेमनगर से झाझरा, सुद्धोवाला और बिधौली की ओर जाने वाले वाहनों को ठाकुरपुर रूट और बालाजी धाम के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।

भारी वाहनों के लिए भी बदला गया रूट

यातायात पुलिस ने भारी वाहनों के आवागमन के लिए भी विशेष इंतजाम किए हैं। धूलकोट तिराहे से भारी वाहनों को सिंघनीवाला की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यहां से वाहन बड़ोंवाला होते हुए अपने निर्धारित गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

पुलिस का कहना है कि नन्दा की चौकी और प्रेमनगर क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ने पर स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार डायवर्जन व्यवस्था में बदलाव भी किया जा सकता है।

छठ पूजा के लिए इन पांच स्थानों पर होगी पार्किंग

श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने पांच स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की है। निर्धारित पार्किंग स्थल इस प्रकार हैं:

  1. सुभारती कॉलेज पार्किंग।
  2. उत्तरांचल यूनिवर्सिटी के पास घाट क्षेत्र।
  3. नन्दा की चौकी पेट्रोल पंप के समीप।
  4. आसन नदी के तट पर निर्धारित स्थान।
  5. चंद्रबनी हाट बाजार ग्राउंड और मालदेवता रोड नदी क्षेत्र के खाली मैदान में निर्धारित पार्किंग स्थल।

नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 1500 रुपये जुर्माना

पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की अपील की है। नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर ट्रैफिक क्रेन से उसे टो किया जाएगा और संबंधित वाहन चालक को 1,500 रुपये तक का जुर्माना देना पड़ सकता है।

इसके अलावा सार्वजनिक मार्गों, तिराहों और चौराहों पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। यातायात व्यवस्था की निगरानी के लिए पुलिस ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल करेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया जाएगा।

सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल की अपील

छठ पूजा के दौरान जाम और यातायात संबंधी परेशानियों से बचने के लिए पुलिस ने लोगों से अनावश्यक रूप से निजी वाहनों का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है। श्रद्धालुओं को ऑटो, विक्रम और सिटी बस जैसे सार्वजनिक परिवहन साधनों को प्राथमिकता देने की सलाह दी गई है।

पुलिस ने लोगों से खरीदारी और अन्य जरूरी काम समय रहते निपटाने को भी कहा है, ताकि अंतिम समय में सड़कों पर वाहनों का दबाव न बढ़े।

वहीं, एंबुलेंस, पुलिस और दमकल जैसी आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को इस डायवर्जन व्यवस्था से मुक्त रखा गया है। इन वाहनों का आवागमन निर्बाध रूप से जारी रहेगा।

दून पुलिस ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित पार्किंग का इस्तेमाल करने और छठ पूजा के आयोजन को व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने में सहयोग देने की अपील की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.