मालदेवता में वॉलीबॉल का रोमांच शुरू, 23 टीमें मैदान में दिखाएंगी खेल कौशल
-
श्री देव सुमन विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय पुरुष एवं महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता
-
लक्ष्य के प्रति सतत प्रयास विजय का अचूक मंत्र: उमेश शर्मा “काऊ”
DEHRADUN: “जब टीमें खेल के मैदान में आमने-सामने होती हैं ,तो एक टीम विजयी होती है। हारने वाली टीम का प्रयास और खेल भावना कम नहीं होती, यही प्रेरणा उन्हें अगली बार विजयी बनने के लिए प्रेरित करती हैऔर लक्ष्य के प्रति सतत प्रयास विजयी होने का अचूक मंत्र बन जाता है।
यह बात मालदेवता पीजी कॉलेज द्वारा आयोजित अंतर महाविद्यालय वॉलीबॉल पुरुष एवं महिला प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए क्षेत्रीय विधायक और कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उमेश शर्मा “काऊ” ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कही।
9 एवं 10 अक्टूबर को श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के दिशा निर्देशन में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता द्वारा अंतर महाविद्यालय पुरुष एवं महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। क्रीड़ा प्रभारी महाविद्यालय मालदेवता,डॉ सुमन सिंह गुसाई ने बताया कि यह पहला मौका है जब महाविद्यालय ने अंतर महाविद्यालय स्तर की वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया है उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में 16 टीमें पुरुष वर्ग तथा 7 टीमें महिला वर्ग से खेल रही है।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख सरोजनी जवाडी ने शिरकत की। उन्होंने महाविद्यालय में इस प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित किए जाने के लिए कॉलेज कार्मिकों की सराहना की है। नॉकआउट पद्धति से आयोजित इस प्रतियोगिता के अधिकांश सेमीफाइनल और फाइनल मैच 10 अक्टूबर को खेले जाएंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कॉलेज प्राचार्य प्रोफेसर विनोद अग्रवाल ने अपने संबोधन में सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, क्षेत्रीय प्रतिनिधियों, प्रतियोगिता आयोजित करने में सहयोगी कार्मिकों एवं निर्णायकों का स्वागत किया। इससे पूर्व क्रीड़ा समिति की ओर से कॉलेज प्राचार्य, प्राध्यापिका प्रोफेसर डिंपल भट्ट एवं क्रीड़ा प्रभारी डॉ सुमन सिंह गुसाईं ने पुष्प गुच्छ ,बैज अलंकरण, शाल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के यू०ओ० यू० तथा नमामि गंगे प्रकोष्ठ द्वारा भी अतिथियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के रूप में क्रीड़ा सचिव पुष्कर गौड ,सदस्य अनिल तोमर,कॉलेज के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रोफेसर यतीश वशिष्ठ, प्रोफेसर मधु थपलियाल, तकनीकी सलाहकार के रूप में डॉ विक्रम सिंह बर्त्वाल,कॉलेज प्राध्यापक,कर्मचारी,छात्र संघ, टीमों के कोच तथा प्रबंधन विशेष रूप से मौजूद रहे। संपूर्ण कार्यक्रमों का संचालन डॉ विनोद शाह ने किया।


