रीप परियोजना के तहत चंबा क्षेत्र में आजीविका गतिविधियों का निरीक्षण
टिहरी: जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल के निर्देशों के क्रम में परियोजना निदेशक ज्योति (आईएएस प्रशिक्षु) एवं जिला परियोजना प्रबंधक ग्रामोत्थान (REAP) ब्रह्मा कांत भट्ट द्वारा विकासखंड चंबा में क्षेत्र भ्रमण कर परियोजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न आजीविका गतिविधियों, सामुदायिक संस्थाओं एवं व्यवसायिक इकाइयों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान संबंधित टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश एवं सुझाव भी दिए गए।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान अभिनंदन आजीविका स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित Food Cart का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने फूड कार्ट में संचालित गतिविधियों एवं Tiffin Service की जानकारी लेते हुए कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। विशेष रूप से टिफिन सेवा की गुणवत्ता में सुधार तथा गतिविधि को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए।
इसके पश्चात FPO कार्यालय एवं अभिनंदन CLF कार्यालय का निरीक्षण किया गया। कार्यालय स्तर पर संचालित गतिविधियों, संबंधित कार्यों तथा आजीविका संवर्धन से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली गई। अभिनंदन CLF द्वारा संचालित डेयरी फार्मिंग गतिविधि का भी स्थलीय निरीक्षण कर किए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया गया तथा गतिविधि को और अधिक प्रभावी एवं टिकाऊ बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
क्षेत्र भ्रमण के अगले चरण में हेवलघाटी CLF द्वारा संचालित Way Side Eatery, कृषि व्यवसाय केंद्र भंडारगांव, Blueberry Farming तथा ग्राम गुनोगी में संचालित गतिविधियों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान विभिन्न आजीविका गतिविधियों की स्थिति, संचालन एवं भविष्य में उनके विस्तार की संभावनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।
परियोजना निदेशक एवं जिला परियोजना प्रबंधक द्वारा संबंधित टीमों को गतिविधियों की गुणवत्ता, नियमित संचालन, बेहतर प्रबंधन एवं अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही Food Cart की Tiffin Service को और बेहतर एवं व्यवस्थित बनाने तथा सेवा की गुणवत्ता में सुधार करने पर विशेष जोर दिया गया।
इसी क्रम में FPO स्टाफ को निर्देशित किया गया कि 10 सितंबर तक सभी CLF से अधिक उत्पादन वाली फसलों का डेटा एकत्रित किया जाए। एकत्रित डेटा के आधार पर उत्पादों की उपलब्धता एवं आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए FPO अंतर्गत विभिन्न उत्पादों की सूची तैयार करने तथा उपयुक्त उत्पादों के चयन, संग्रहण एवं आगे की प्रक्रिया को बेहतर ढंग से व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त डेयरी फार्मिंग गतिविधि के निरीक्षण के दौरान रानी SHG से संबंधित गतिविधियों का भी अवलोकन किया गया। परियोजना निदेशक द्वारा रानी SHG को ब्लॉक स्तर पर गोबर एवं प्लांट उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई एवं व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए SHG की आजीविका गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया जा सके।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान विभिन्न गतिविधियों के संचालन से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई तथा संबंधित टीमों को कार्यों की नियमित निगरानी, बेहतर समन्वय एवं समयबद्ध रूप से दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया। साथ ही परियोजना के अंतर्गत संचालित आजीविका गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा समुदाय को बेहतर लाभ उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। क्षेत्र भ्रमण एवं निरीक्षण के दौरान ब्लॉक टीम रीप, अभिनंदन सीएलफ टीम, हवालघाटी सीएलफ टीम उपस्थित रही।