देहरादून में फोर्टिस की नई पहल, पहला सुपर स्पेशियलिटी मेडिकल सेंटर लॉन्च

देहरादून। उत्तराखंड में सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को विस्तार देते हुए फोर्टिस हेल्थकेयर ने देहरादून में अपना पहला डेडिकेटेड फोर्टिस मेडिकल सेंटर शुरू किया है। सिकुंड डायग्नोस्टिक सेंटर के साथ रणनीतिक सहयोग से स्थापित इस सेंटर के माध्यम से फोर्टिस के दिल्ली-एनसीआर स्थित अस्पतालों के अनुभवी मेडिकल, सर्जिकल और ट्रांसप्लांट विशेषज्ञ अब देहरादून और आसपास के मरीजों को उनके घर के करीब विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराएंगे।

फोर्टिस हेल्थकेयर इससे पहले देहरादून में तीन स्थानों पर चुनिंदा ओपीडी क्लीनिक संचालित कर रहा था। नया मेडिकल सेंटर देहरादून में कंपनी का पहला समर्पित मल्टी-स्पेशियलिटी सेंटर है, जहां विभिन्न गंभीर एवं जटिल रोगों के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओपीडी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

हृदय से लेकर कैंसर और ट्रांसप्लांट तक विशेषज्ञ सेवाएं
फोर्टिस मेडिकल सेंटर में कार्डियोलॉजी, कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी (सीटीवीएस), पीडियाट्रिक कार्डियोलॉजी, मेडिकल एवं सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, बोन मैरो ट्रांसप्लांट (बीएमटी) और लिवर ट्रांसप्लांट सहित प्रमुख चिकित्सा विशेषज्ञताओं में ओपीडी परामर्श मिलेगा।
सिकुंड डायग्नोस्टिक सेंटर के सहयोग से मरीजों को रेडियोलॉजी और पैथोलॉजी जैसी जांच सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। वहीं, जिन मरीजों को उन्नत जांच, सर्जरी अथवा विशेष उपचार की आवश्यकता होगी, उन्हें उनकी चिकित्सकीय जरूरत के अनुसार फोर्टिस अस्पतालों में रेफर कर आगे का उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

अनुभवी विशेषज्ञ देंगे परामर्श
सेंटर की विशेषज्ञ सेवाओं को फोर्टिस नेटवर्क के वरिष्ठ चिकित्सकों का सहयोग मिलेगा। इनमें डॉ. शिव कुमार चौधरी, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, सीटीवीएस; डॉ. नीरज अवस्थी, डायरेक्टर, पीडियाट्रिक कार्डियोलॉजी; डॉ. हुमा नूर, सीनियर कंसल्टेंट, मेडिकल ऑन्कोलॉजी; डॉ. पुलक वात्स्य, कंसल्टेंट, ऑर्थोपेडिक्स; डॉ. हितेश गुर्जर, एडिशनल डायरेक्टर, न्यूरोसर्जरी; डॉ. विवेक वासुदेव, कंसल्टेंट, यूरोलॉजी; डॉ. अर्चित पंडित, डायरेक्टर, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी; डॉ. अजीत सिंह नरूला, प्रिंसिपल डायरेक्टर, नेफ्रोलॉजी; डॉ. आशीष जय किशन, सीनियर कंसल्टेंट, कार्डियोलॉजी; डॉ. राहुल भार्गव, प्रिंसिपल डायरेक्टर एवं चीफ, हेमेटोलॉजी, हेमेटो-ऑन्कोलॉजी एवं बोन मैरो ट्रांसप्लांट तथा डॉ. आशीष जॉर्ज, प्रिंसिपल कंसल्टेंट एवं यूनिट हेड, लिवर ट्रांसप्लांट शामिल हैं।

मरीजों को घर के करीब मिलेगी विशेषज्ञ चिकित्सा’
फोर्टिस हेल्थकेयर की चीफ ग्रोथ ऑफिसर डॉ. रितु गर्ग ने कहा कि देहरादून में पहले फोर्टिस मेडिकल सेंटर की शुरुआत उत्तराखंड के मरीजों के लिए विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को उनके घर के और करीब लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। देहरादून तेजी से क्षेत्रीय हेल्थकेयर हब के रूप में विकसित हो रहा है और यहां सुपर स्पेशलिस्ट तथा एडवांस्ड उपचार विकल्पों की जरूरत लगातार बढ़ रही है।

सिकुंड डायग्नोस्टिक सेंटर के साथ सहयोग से मरीजों के लिए अधिक सहज और बेहतर समन्वित स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था तैयार होगी। सिकुंड डायग्नोस्टिक सेंटर के निदेशक डॉ. राजीव सिकुंड ने कहा कि फोर्टिस हेल्थकेयर के साथ यह सहयोग देहरादून के हेल्थकेयर इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है। इससे मरीजों को घर के करीब उन्नत उपचार विकल्प मिलेंगे और नॉलेज शेयरिंग तथा मल्टीडिसिप्लिनरी सहयोग के नए अवसर भी तैयार होंगे।

फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हार्ट इंस्टीट्यूट के फैसिलिटी

डायरेक्टर डॉ. विक्रम अग्रवाल ने कहा कि सेंटर के माध्यम से उत्तराखंड के लोगों को उन्नत और व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं उनके घर के करीब उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। वहीं फोर्टिस मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट के फैसिलिटी डायरेक्टर यश रावत ने कहा कि पहल का उद्देश्य महानगरों से बाहर रहने वाले मरीजों तक फोर्टिस की विशेषज्ञता को अधिक सुलभ बनाना है।

फोर्टिस शालीमार बाग के फैसिलिटी डायरेक्टर

नवीन शर्मा ने कहा कि देहरादून उत्तराखंड और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। मेडिकल सेंटर सुपर स्पेशलिस्ट विशेषज्ञता और मरीजों के बीच की दूरी कम करने में मदद करेगा। जरूरत पड़ने पर मजबूत रेफरल नेटवर्क के माध्यम से मरीजों को फोर्टिस अस्पतालों में टर्शियरी और क्वाटर्नरी केयर उपलब्ध कराई जाएगी।

फोर्टिस हेल्थकेयर भारत की प्रमुख इंटीग्रेटेड हेल्थकेयर डिलीवरी कंपनियों में शामिल है। कंपनी के हेल्थकेयर नेटवर्क में अस्पताल, डायग्नोस्टिक्स और डे-केयर स्पेशियलिटी सुविधाएं शामिल हैं। कंपनी वर्तमान में 12 राज्यों में 36 हेल्थकेयर सुविधाएं संचालित करती है। नेटवर्क में 6,150 से अधिक ऑपरेशनल बेड और करीब 400 डायग्नोस्टिक लैब शामिल हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.