1.90 लाख मतदाताओं ने अभी तक नहीं जमा किए गणना प्रपत्र

देहरादून। मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 7 जुलाई निर्धारित की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी पात्र मतदाताओं से समय रहते गणना प्रपत्र जमा करने की अपील की है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले के 13.76 लाख पंजीकृत मतदाताओं में से 11.86 लाख से अधिक मतदाता अपना गणना प्रपत्र जमा कर चुके हैं। इनमें 99.98 प्रतिशत प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी पूरा हो गया है। हालांकि अभी भी 1,90,588 मतदाताओं ने अपना गणना प्रपत्र जमा नहीं किया है। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर गणना प्रपत्र जमा नहीं करने पर मतदाता सूची में नाम प्रभावित हो सकता है।

जो मतदाता दिन में घर पर उपलब्ध नहीं रहते, वे ईसीआईनेट ऐप या ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा के माध्यम से अपने बीएलओ से संपर्क कर यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। डीएम ने बताया कि उत्तराखंड के मतदाता वर्ष 2003 की मतदाता सूची में अपना अथवा अपने माता-पिता या दादा-दादी का नाम मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर खोज सकते हैं। अन्य राज्यों के मतदाता निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर अंतिम एसआईआर मतदाता सूची में अपना नाम देख सकते हैं।

निर्वाचन आयोग द्वारा जारी क्यूआर कोड के माध्यम से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है। जिलाधिकारी ने कहा कि गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 7 जुलाई है और अब केवल तीन दिन शेष हैं। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से अंतिम समय का इंतजार किए बिना शीघ्र गणना प्रपत्र जमा कर अपने मताधिकार को सुरक्षित रखने की अपील की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.