मंत्री कैड़ा सख्त, बोले—पर्यटकों की सुविधा में न हो कोई कमी
देहरादून/भीमताल, उत्तराखण्ड सरकार के शहरी विकास, जलागम प्रबंधन, जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण संरक्षण मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मंगलवार को भीमताल स्थित विकास भवन सभागार में जनपद नैनीताल के विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री ने जनपद को प्रदेश का वीवीआईपी जिला बताते हुए पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
समीक्षा बैठक में मंत्री कैड़ा ने निर्देश दिए कि पर्यटन सीजन के दौरान ट्रैफिक जाम एवं पेयजल संकट की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए समय रहते वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने झीलों के जलस्तर बढ़ाने एवं उनके सौंदर्यीकरण के लिए स्थायी समाधान विकसित करने के निर्देश दिए। पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण, व्यू प्वाइंट की एकरूपता तथा अवैध होमस्टे पर सख्त कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए।
वन विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री ने मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं पर नियंत्रण, वनाग्नि रोकथाम हेतु 24×7 सतर्कता तथा चीड़ के जंगलों से पीरूल संग्रहण को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला समूहों को इसमें जोड़ने तथा वन एवं कृषि विभाग के समन्वय से बंदरों की समस्या के समाधान पर भी बल दिया।
शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित करते हुए मंत्री ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा भवनों की मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण हों। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करते हुए मुख्यमंत्री घोषणाओं को प्राथमिकता से पूरा करने तथा औचक निरीक्षण बढ़ाने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के अंतर्गत अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने को कहा।
रोजगार सृजन के लिए सेवायोजन विभाग को कौशल प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार योजनाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग को भीमताल में गौशाला निर्माण शीघ्र शुरू करने, कृषि विभाग को फसलों की सुरक्षा हेतु तारबाड़ व्यवस्था करने तथा लोक निर्माण विभाग एवं पीएमजीएसवाई को बरसात से पूर्व सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। पूर्ति विभाग को गैस एवं खाद्यान्न वितरण में समानता एवं निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मशक्तू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री ने सभी विभागों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने, जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करने तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की सूचना देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने गैस वितरण की सतत निगरानी एवं विद्यालयों के नियमित निरीक्षण पर विशेष बल दिया।
मुख्य बिंदु:
भीमताल में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित
पर्यटन सीजन को देखते हुए विशेष तैयारियों के निर्देश
वनाग्नि रोकथाम एवं पर्यावरण संरक्षण पर जोर
शिक्षा, स्वास्थ्य व पेयजल योजनाओं को प्राथमिकता
रोजगार सृजन एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास पर फोकस