UCC

चार साल की भटकन का अंत : DM के द्वार पर तान्या को मिला उत्तरजीवी प्रमाणपत्र, नगर निगम में दर्ज होगा नाम

देहरादून। मां के निधन के बाद चार साल से सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रही खुड़बुड़ा निवासी तान्या सिंघल की परेशानी का अंत हो गया। जिलाधिकारी सविन बंसल के त्वरित हस्तक्षेप से उसी दिन उन्हें उत्तरजीवी प्रमाणपत्र मिल गया, जिससे अब नगर निगम की संपत्ति रजिस्टर में उनका नाम दर्ज हो सकेगा।

तान्या ने बताया, “मां का देहांत दिसंबर 2022 में हुआ था। संपत्ति के कागजातों में अपना नाम जोड़ने के लिए उत्तरजीवी प्रमाणपत्र चाहिए था, लेकिन विभिन्न कार्यालयों में चक्कर लगाने के बावजूद कोई राहत न मिली। आर्थिक तंगी और भावनात्मक आघात के बीच ये चार साल बेहद कठिन गुजरे।” आखिरकार, उन्होंने जिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र सौंपा।

डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार सदर को तत्काल जांच के निर्देश दिए। अधिकारियों ने समस्त दस्तावेजों की तेजी से जांच की और 29 जनवरी को ही प्रमाणपत्र जारी कर दिया। तान्या ने डीएम कार्यालय पहुंचकर आभार जताया, “प्रशासन की यह संवेदनशीलता सराहनीय है। अब मुझे नई शुरुआत करने का आत्मविश्वास मिला है।”

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन जनहित में ऐसी त्वरित कार्रवाई के लिए जाना जा रहा है। डीएम बंसल ने सभी अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि प्रमाणपत्रों और सेवाओं का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित हो, ताकि आम नागरिकों को भटकना न पड़े। यह घटना सरकार पर जनता के बढ़ते विश्वास को दर्शाती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.