जिलाधिकारी का जनता दर्शन : विधवाओं, दिव्यांगों और कैंसर पीड़ितों को तत्काल राहत, 158 शिकायतों पर कार्रवाई
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Chief Minister Pushkar Singh Dhami) के ‘जनसेवा संकल्प’ से प्रेरित देहरादून जिला प्रशासन ने एक बार फिर जनता दर्शन के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में 158 शिकायतें और प्रार्थना पत्र दर्ज किए गए। डीएम ने सभी विभागाध्यक्षों को सख्त हिदायत दी कि हर शिकायत का संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निपटारा हो और पीड़ितों को लिखित रिपोर्ट मिले।
दुर्घटना पीड़ित सूर्य प्रकाश का ऋण माफी की दिशा में कदम
मेहूवाला की शिव एन्क्लेव निवासी नेहा ने बताया कि 2023 में पति सूर्य प्रकाश को करंट लगने से दोनों पैर कट गए और हाथों में स्थायी क्षति हो गई। आईसीआईसीआई बैंक से लिए 5 लाख के ऋण की मासिक ईएमआई 6800 रुपये ने परिवार को बदहाली में धकेल दिया। जिलाधिकारी ने तत्काल शस्त्र प्रभारी को बैंक से समन्वय कर ऋण निस्तारण के निर्देश दिए।
कैंसर विधवा सुमन और मोनिका की बेटियों को ‘नंदा-सुनंदा’ का सहारा
खेरी रोड छदमीवाला की कैंसर पीड़िता सुमन ने बेटी कनिका की फीस माफी मांगी, जबकि ओगल भट्टा की मोनिका ने बेटियों नंदिता-नंदिनी की शिक्षा के लिए योजना का हवाला दिया। डीएम ने नंदा-सुनंदा समिति को फीस माफी और प्रशिक्षण की पत्रावली तैयार करने को कहा, जिससे इन परिवारों को नई उम्मीद जगी।
बुजुर्ग विधवा मीना और लकवा युक्त वीरेन्द्र को राइफल क्लब फंड से मदद
मन्नूगंज की बुजुर्ग विधवा मीना आनंदं और चंद्रशेखर आजाद कॉलोनी के वीरेन्द्र धीमान ने आर्थिक संकट और पैरालिसिस की वजह से आजीविका खोने की पीड़ा सुनाई। जिलाधिकारी ने शस्त्र अधिकारी को राइफल क्लब फंड से सहायता राशि जारी करने की प्रक्रिया तेज करने के आदेश दिए।
दिव्यांग बच्ची का RTE प्रवेश : प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट को नोटिस
सहस्त्रधारा की विधवा भारती बडोला ने शिकायत की कि उनकी दिव्यांग बेटी को शालिनी पब्लिक स्कूल में RTE के तहत दाखिला नहीं मिल रहा। डीएम ने सीईओ और डीईओ को स्कूल प्रबंधक को तलब करने, प्रवेश कराने और एक्शन टेकन रिपोर्ट मांगने के निर्देश दिए। इसी तरह, डालनवाला की सीमा गुप्ता को सड़क हादसे के बाद हिट एंड रन योजना से सहायता का भरोसा दिलाया गया।
कृषकों का रास्ता बहाल होगा, नगर निगम पर कार्रवाई का दबाव
चकतूनवाला के किसानों ने प्रॉपर्टी डीलर द्वारा सरकारी रोड (सीवर लाइन सहित) बंद करने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को तुरंत रास्ता खोलने और रिपोर्ट देने को कहा।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने डीएम के निर्देशों का पालन करने का भरोसा जताया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनता दर्शन शासन की जनोन्मुखी छवि का प्रतीक है, जहां लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। इस मौके पर अपर डीएम कृष्ण कुमार मिश्रा, स्मृति परमार, अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी और नगर निगम के संतोष कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
