UTTARAKHAND: सभी जिलों में सहकारिता मेले का होगा आयोजन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को लगेंगे पंख
देहारादून। उत्तराखंड में स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और ग्रामीण आर्थिकी को नई दिशा देने के लिए सहकारिता विभाग इस साल बड़े स्तर पर सहकारिता मेलों का आयोजन करने जा रहा है। 3 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक राज्य के सभी 13 जिलों में विशेष थीम पर आधारित मेले आयोजित होंगे। इन मेलों में किसानों, काश्तकारों, कारीगरों और महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर मिलेगा। साथ ही विभागीय और अंतर-विभागीय योजनाओं की जानकारी भी जनता तक पहुंचाई जाएगी।
सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र महासंघ ने वर्ष 2025 को अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष घोषित किया है, जिसकी थीम “Cooperative Build a Better World” रखी गई है। इसी क्रम में उत्तराखंड में सहकारिता विभाग विभिन्न गतिविधियाँ संचालित कर रहा है।
सहकारिता मंत्री के अनुसार इन मेलों से ग्रामीण आर्थिकी को मजबूती, स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान और कारीगरों व किसानों को सीधा बाजार मिलेगा। हर मेले के समापन के 15 दिन के भीतर संबंधित विभाग को रिपोर्ट शासन को सौंपने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रत्येक जिले की अलग थीम
डॉ. रावत ने कहा कि हर जनपद में मेले अलग-अलग थीम पर आधारित होंगे।
अल्मोड़ा – सहकारिता से हस्तशिल्प संरक्षण (जैविक उत्पाद, स्थानीय कला और ऊनी उत्पादों का प्रदर्शन, साथ ही प्राकृतिक खेती पर संगोष्ठी)
पौड़ी – सहकारिता से ग्रामीण सशक्तिकरण
बागेश्वर – सहकारिता से पर्वतीय कृषि
रुद्रप्रयाग – धार्मिक पर्यटन विकास
इसी तरह अन्य जिलों में भी स्थानीय जरूरतों और विशेषताओं के आधार पर थीम निर्धारित की गई है।
कब और कहाँ लगेंगे मेले
अल्मोड़ा : 3 – 7 अक्टूबर
पौड़ी : 7 – 13 अक्टूबर
बागेश्वर : 13 – 17 अक्टूबर
रुद्रप्रयाग : 24 – 28 अक्टूबर
पिथौरागढ़ : 29 अक्टूबर – 2 नवम्बर
चमोली : 3 – 7 नवम्बर
चम्पावत : 14 – 20 नवम्बर
उत्तरकाशी : 15 – 19 नवम्बर
नैनीताल : 25 नवम्बर – 1 दिसम्बर
हरिद्वार : 2 – 8 दिसम्बर
ऊधमसिंह नगर : 6 – 12 दिसम्बर
टिहरी : 13 – 19 दिसम्बर
देहरादून : 20 – 26 दिसम्बर
