बोले कॉंग्रेस नेता; जब 10 करोड़ और मंत्री पद का ऑफर था तब भाजपा में नहीं गया तो,अब जाने का सवाल ही नहीं

अभिज्ञान समाचार/ उत्तरकाशी।  विधानसभा चुनाव 2022 के नजदीक आते ही राजनीतिक पार्टियां एक दूसरे के किले में सेंध लगाने में जुटी हैं। हाल में ऐसी ही अटकलें गंगोत्री सीट को लेकर लगाई जा रही थीं। बता दे कि लंबे समय से ये कयास लगाए जा रहे थे कि विजयपाल सजवाण भाजपा में शामिल हो सकते हैं। आज इन सब अफवाहों पर तब विराम लग गया जब उन्होंने खुद खुलकर इस पर बात की। उत्तरकाशी में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पत्रकारों को बताया कि वह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में तब शामिल नहीं हुए थे जब उन्हें 10 करोड़ की डील और मंत्री पद का ऑफर था। सजवाण ने कयासों पर विराम लगाते हुए कहा कि साल 2016 में उन्हें 10 करोड़ और मंत्री पद का ऑफर मिला था। तब उन्होंने कांग्रेस का दामन नहीं छोड़ा तो अब क्या छोड़ेंगे।

उन्होंने भाजपा पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पास गंगोत्री सीट से कोई चेहरा कैंडिडेट के तौर पर नहीं है, जिसके चलते ऐसी भ्रामक बातें उड़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से जीत हासिल कर रही है। सजवाण ने साफ तौर पर कहा कि कांग्रेस ने उन्हें पहचान दी है। इसलिए कांग्रेस को छोड़ने का सवाल ही नहीं उठता। कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है जो हर वर्ग को साथ लेकर चलती है। उन्होंने कहा कि भाजपा में ऐसे लोग दावेदारी कर रहे हैं जो जिला पंचायत सदस्य का चुनाव तक नहीं जीत पाए। इससे स्पष्ट होता है कि भाजपा के पास फिलहाल कोई विकल्प नहीं है। आपको बता दें कि 2017 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के गोपाल सिंह रावत ने विजयपाल सजवाण को हराया था। फिलहाल भाजपा विधायक गोपाल सिंह रावत का निधन होने से यह सीट खाली है।

देखें वीडियो..

Leave A Reply

Your email address will not be published.