आतंकियों से मुठभेड़ में उत्तराखंड का लाल अनिल चौहान शहीद
अभिज्ञान समाचार/ पौड़ी। उत्तराखंड के एक और लाल ने देश के लिए शहादत दी है। जनपद पौड़ी गढ़वाल के प्रखंड द्वारीखाल के अंतर्गत ग्राम लंगूरी निवासी अनिल चौहान जम्मू-कश्मीर में आतंकियों से लोहा लेते हुए शहीद हो गए। सेना की ओर से शहीद के परिजनों को शहादत की सूचना दी गई। द्वारीखाल प्रखंड के ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बताया कि, सेना की ओर बताया कि गुरूवार तड़के कश्मीर में राजौरी के मंडर सेक्टर में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान अनिल को गोली लग गई। बताया कि, अनिल चौहान की मई माह में शादी होने वाली थी। बता दें कि शहीद अनिल चौहान 8वीं गढ़वाल रेजीमेंट के जवान थे। शहीद के पिता का नाम बृज मोहन सिंह चौहान है। वह भी सेना से रिटायर हैं। माता का नाम कांति देवी है। उनके बड़े भाई भी सेना में हैं। बीते वर्ष अनिल राष्ट्रीय राइफल्स में तीन वर्ष की सेवाएं देने के बाद आठवीं गढ़वाल राइफल्स में वापस आए थे।